आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर जेपी सिंह ने कहा- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है सरसों का साग
लखनऊ, 05 नवंबर। विटमिन ‘K’, कैल्शियम, मैग्निशियम, विटामिन-C जैसे पोषक तत्वों से भरपुर सरसों का साग सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है। सरसों का साग खाने से हृदय, मानसिक और आंख भी स्वस्थ रहती है। इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता में काफी इजाफा होता है और शरीर को रोगों से लड़ने के लिए ताकत मिलती है।
पोषक तत्वों से भरपूर सरसों का साग
BHU पंचकर्म विभाग के विभागाध्यक्ष डॉक्टर जेपी सिंह के मुताबिक सरसों के साग में विटामिन-K, मैगनीज, विटामिन-C, कैल्शियम और विटामिन-B भरपुर मात्रा में पाए जाते हैं। साग में हृदय को स्वस्थ रखने वाले बहुत से फाइटोकेमिकल्स भी होते हैं। नाइट्रेट की उचित मात्र हृदय के लिए रक्त, ऊत्तकों में प्रयाप्त नाइट्राइट और नाइट्रिक एसिड का स्तर बनाये रखता है। खराब कोलेस्ट्रॉल को भी नियंत्रित करता है।
साग में पर्याप्त मात्रा में है फाइटोन्यूट्रिएंट्स
उन्होंने बताया कि साग में पर्याप्त मात्रा में फाइटोन्यूट्रिएंट्स मौजूद रहने के कारण हानिकारक जीवाणुओं के विकास को रोकने में ये सहायक है। रक्त शर्करा को नियंत्रित कर साग मधुमेह रोगियों को लाभ पहुंचाता है। साग मोटापे जैसी समस्या से भी निजात दिलाने में सहायक है। इसमें क्लोरोफिल की उच्च मात्रा होने के कारण जिगर को भी लाभ पहुंचाता है। रक्त में मौजूद विषाक्तता को दूर करने में सहायक है।
साग में पाया जाता है एंटीऑक्सीडेंट (Anti Oxydent)
आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर ने बताया कि साग में एंटीऑक्सीडेंट के मुख्य घटक उच्च मात्रा में होते हैं, जिसके कारण शरीर को साग फ्री रेडिकल्स के प्रभाव से बचाता है। फ्री रेडिकल्स शरीर में कोशिकाओं के DNA को गंभीर नुकसान पहुंचाते हैं। इससे कैंसर और मधुमेह जैसे रोगों की होने की संभावना बनी रहती है।
साग पाचन संबंधी समस्या दूर करता है
डॉक्टर ने कहा कि इसमें फाइबर की मात्रा अच्छी होने के कारण साग पाचन संबंधी समस्या भी दूर करता है। साग के सेवन से बवासीर और कब्ज जैसी समस्या नहीं आती है। साग उच्च रक्तचाप को भी नियंत्रित करता है। उन्होंने कहा कि इसमें ल्यूटिन और ज़ेक्सैंथिन जैसे एंटी ऑक्सीडेंट होते हैं। इसी वजह से साग मोतियाबिंद और आंखों की बाकी समस्याओं से निजात दिलाने में सहायक है। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए सरसों का साग का सेवन करना चाहिए।
स्मृति हानि और मानसिक असंतुलन के लिए साग फायदेमंद
डॉक्टर ने बताया कि स्मृति हानि और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याओं के लिए भी साग फायदेमंद है। इसमें विटामिन की मात्रा मिलने के कारण ये दिमाग को स्वस्थ रखता है। हरी सब्जियों में ग्लूकोसाइनोलेट्स नामक पदार्थों का समूह होने के कारण इनका स्वाद कड़वा होता है। लेकिन थायोसाइनेट, इंडोल, नाइट्राइल को बनाने के लिए ये टूट जाते हैं। ये सभी यौगिक मूत्राशय, स्तन, यकृत और पेट सहित बाकी संभावित कैंसर के विकास और डीएनए की क्षति को रोकने में मदद करते हैं।
क्या आपको पता है अमरूद कितना फायदेमंद है इंसान के लिए, जानें के लिए पढ़ें